हल्द्वानी में बेखौफ शराबखोरी: दोहरे हत्याकांड के बाद भी नहीं जागी व्यवस्था……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी- हल्द्वानी शहर में शाम ढलते ही कई प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में खुलेआम शराबखोरी का सिलसिला जारी है। पुलिस चौकियों के आसपास स्थित फास्ट-फूड ठेले और ढाबे शराबियों के अड्डों में बदलते जा रहे हैं, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल में तिकोनिया की वर्कशॉप लाइन, ट्रांसपोर्ट नगर, मंडी बाईपास, सिंधी चौराहा और जज फार्म क्षेत्र में शाम होते ही अराजक माहौल देखने को मिला, जहां लोग बेखौफ शराब पीते नजर आए और दुकानदार खुलेआम चखना-पानी उपलब्ध कराते दिखे।

गल्ला मंडी क्षेत्र में रात करीब 8:39 बजे हत्याकांड स्थल से महज 100 मीटर दूर दो युवक शराब पीते पाए गए, जबकि टीपी नगर के ढाबों में शराबियों की महफिल सजी रही। जज फार्म के पास अंधेरे में युवाओं के समूह शराब पीते दिखे और तिकोनिया वर्कशॉप लाइन में 10-15 ठेलों पर दर्जनों लोग बैठकर शराबखोरी करते रहे। सिंधी चौराहे पर भी युवकों को खुलेआम शराब पीते देखा गया, जहां उन्हें पुलिस का कोई डर नजर नहीं आया।

हैरानी की बात यह है कि हाल ही में मंडी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई नहीं दिया। डेढ़ घंटे की पड़ताल के दौरान कई संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिले, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

शहर के कुछ इलाकों में अवैध शराब की बिक्री भी जारी है। लामाचौड़, राजपुरा, बरेली रोड मंडी क्षेत्र और नारायण नगर में कच्ची और अंग्रेजी शराब की अवैध उपलब्धता की शिकायतें सामने आई हैं, यहां तक कि दोपहिया वाहनों से होम डिलीवरी तक की बात सामने आ रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि खुलेआम शराब पिलाने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं और लापरवाही बरतने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!