उधम सिंह नगर- उधम सिंह नगर की राजनीति की हलचल अब दिल्ली तक पहुंचती दिखाई दे रही है। उत्तराखंड के पूर्व सांसद बलराज पासी और गदरपुर विधायक व पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान गढ़वाल सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी भी मौजूद रहे। नेताओं ने पार्टी के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
भेंट के दौरान संगठन, जनसरोकारों और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा हुई। विधायक अरविंद पांडे ने उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की आवश्यकताओं और क्षेत्रीय मुद्दों को केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा तथा राज्य के विकास में सहयोग का विश्वास जताया। उन्होंने नितिन नवीन को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार करने का आश्वासन दिया।


सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि नितिन नवीन का संगठनात्मक अनुभव पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगा। वहीं पूर्व सांसद बलराज पासी ने इस मुलाकात को संगठनात्मक संवाद और आपसी समन्वय का सकारात्मक संकेत बताया।
राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को पार्टी के भीतर संवाद और संगठनात्मक सक्रियता के रूप में देख रहे हैं। हालांकि इसे लेकर अलग-अलग राजनीतिक कयास भी लगाए जा रहे हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसे संगठन को मजबूत करने और समन्वय बढ़ाने की दिशा में सामान्य शिष्टाचार भेंट बताया गया है।

Skip to content










