हल्द्वानी- हल्द्वानी की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात कृष्णा अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. हरभजन सिंह को एक तेज रफ्तार बाइक सवार डिलीवरी बॉय ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डॉक्टर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कर सीसीयू में रखा गया है। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने रात में ही मुक्तेश्वर निवासी आरोपी मनोज कुमार से पूछताछ की। शुक्रवार को डॉ. हरभजन सिंह के बेटे डॉ. गगनदीप सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को अस्पताल के पास स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। मौके पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, सीओ सिटी अमित कुमार सैनी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


इसी बीच शहर में एक और हिट-एंड-रन की घटना सामने आई। 11 फरवरी की रात काठगोदाम के शीशमहल क्षेत्र में कैटरिंग का काम करने वाले प्रदीप कुमार को तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बाइक सवार पर शराब पीकर वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने कहा कि स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Skip to content










