रुद्रपुर – भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संयुक्त प्रयासों से राज्य आज न केवल धार्मिक पर्यटन में अग्रणी बन चुका है, बल्कि आधुनिक बुनियादी ढाँचा, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति कर रहा है।
पासी ने बताया कि वर्तमान में केंद्र सरकार की 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएँ उत्तराखण्ड में क्रियान्वित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण कार्य आधुनिक तकनीक और पारंपरिक स्वरूप का सुंदर संगम है, जबकि बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत सड़क, पार्किंग और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं का व्यापक विकास हो रहा है।

पूर्व सांसद ने कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजनाएँ श्रद्धालुओं की यात्रा को न केवल सुरक्षित और सुगम बनाएंगी, बल्कि प्रदेश को विश्वस्तरीय पर्यटन ढाँचे की दिशा में अग्रसर करेंगी। वहीं ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना को उन्होंने राज्य की “लाइफलाइन” बताते हुए कहा कि इससे पर्यटन, व्यापार और आपदा प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी।
पासी ने कहा कि सोंग और जमरानी बाँध परियोजनाएँ उत्तराखण्ड के जल संकट का दीर्घकालिक समाधान बनेंगी। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत “हर घर नल से जल” का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है, जिससे हजारों पहाड़ी गाँवों में महिलाओं को राहत मिली है और जीवन स्तर सुधरा है।
खनन विभाग की उपलब्धियों पर बोलते हुए पासी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी की पारदर्शी नीतियों और सतत सुधारों के कारण केंद्र सरकार ने राज्य को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि खनन विभाग के बेहतर प्रबंधन से प्रदेश को राजस्व में वृद्धि, स्थानीय रोजगार सृजन और किसानों की आजीविका में सुधार हुआ है।
पासी ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले जमरानी बाँध परियोजना वर्षों तक राजनीतिक प्रतीक बनकर रह गई थी, लेकिन आज भाजपा सरकार में यह ऐतिहासिक योजना साकार रूप ले रही है, जिससे बड़ी आबादी को पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में अब स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, परिवहन और हवाई सेवाओं का दायरा निरंतर बढ़ रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को निशुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है।
पासी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड अब “विकास की प्रयोगशाला” बन चुका है — जहाँ पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित सर्वोपरि हैं। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मीडिया संयोजक विजय तोमर, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, कार्यालय मंत्री सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Skip to content











