हल्द्वानी – बनभूलपुरा क्षेत्र के शनि बाजार रोड स्थित हुसैनी बैंकट हॉल में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को गोला बायपास रोड पर हिमालयन स्कूल के सामने बनी पुलिया के नीचे से गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सिटी/हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।


गल्ले तोड़कर नकदी और एसी आउटर किए थे चोरी
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 को मो. अमान निवासी किदवई नगर ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि शनि बाजार रोड, रेलवे फाटक के पास स्थित हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्लों को तोड़कर उनमें रखी करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।
तहरीर के आधार पर बनभूलपुरा थाने में मुकदमा संख्या 156/2026, धारा 305(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच अपर उप निरीक्षक पुष्कर आर्या को सौंपी गई।
सुरागरसी के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाने के साथ सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस के अनुसार लगातार प्रयास के बाद 27 सितंबर 2026 को गोला बायपास रोड स्थित हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से ब्लू स्टार कंपनी के तीन इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. तौफीक (25) पुत्र मो. मसीत अहमद, निवासी इंद्रानगर, नूरी मस्जिद के पास, छोटी रोड, बनभूलपुरा तथा मो. मुस्तफा (26) पुत्र मो. अशफाक, निवासी छोटी रोड, हिमांशु मेडिकल के सामने, वार्ड नंबर 30, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
चोरी की घटना के खुलासे में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

Skip to content










