Breaking News

एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव के लिए पुलिस का सुरक्षा प्लान तैयार, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की एमबीपीजी कॉलेज के सभागार में ब्रीफिंग की गई। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिसकर्मियों को चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान लिंगदोह कमेटी के सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य चौराहों, बैरियरों और कॉलेज के प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिस टीमें सक्रिय रहकर चेकिंग करें।

उन्होंने प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग के साथ ड्रोन टीमों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। मोबाइल पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करती रहेंगी, जबकि कॉलेज के जीरो जोन में छात्रों के वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

भीड़ और यातायात व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कॉलेज परिसर और आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। किसी भी संभावित विवाद अथवा अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्राउड कंट्रोल पर विशेष ध्यान दिया जाए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए डाइवर्जन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को वाहनों की लगातार आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनावश्यक रूप से वाहनों को सड़क पर खड़ा न होने देने और यातायात बाधित होने से रोकने को कहा गया।

सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने और पूरे समय अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए।

मतगणना केंद्र पर भी रहेगी कड़ी निगरानी

मतगणना केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कॉलेज परिसर के भीतर और आसपास अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की गतिविधि सामने आने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती

छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार ड्यूटी में 6 जीओ, 9 इंस्पेक्टर, 10 एसओ/एसएसआई, 37 प्रभारी निरीक्षक/ऑपरेशन/एसआई, 16 एलएसआई, 30 अपर एसआई, 33 हेड कांस्टेबल, 3 महिला हेड कांस्टेबल, 77 कांस्टेबल और 34 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।

इसके अलावा एक एंटी-रायट टीम, एक आंसू गैस टीम, दो फायर यूनिट तथा आईआरबी/पीएसी की एक कंपनी (डेढ़ सेक्शन) भी तैनात रहेगी।

ब्रीफिंग के बाद पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

ब्रीफिंग के बाद चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कॉलेज परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, एमबीपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एनएस बनकोटी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक यातायात भूपेश पांडेय समेत संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!