हल्द्वानी मीडिया सेंटर के साथ संभालेंगे नैनीताल की सूचना व्यवस्था
हल्द्वानी। शासन ने सूचना अधिकारी अहमद नदीम को नैनीताल जिले की सूचना व्यवस्था की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। शासकीय कार्यहित में जारी आदेश के तहत उन्हें अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से जिला सूचना कार्यालय, नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


आदेश के बाद अहमद नदीम हल्द्वानी मीडिया सेंटर में अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ नैनीताल जिला सूचना कार्यालय का कार्य भी संभालेंगे। नैनीताल जिले में जिला सूचना अधिकारी का पद 12 सितंबर को जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हो गया था। इसके बाद शासन ने जिले की सूचना व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अहमद नदीम को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
सूचना विभाग में लंबा अनुभव
अहमद नदीम को सूचना विभाग में कार्य करने का लंबा अनुभव है। वह इससे पहले ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में जिला सूचना अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में सहायक जिला सूचना अधिकारी (ADIO) के पद पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
नैनीताल जिले की भौगोलिक और प्रशासनिक परिस्थितियों से उनके पूर्व अनुभव को देखते हुए शासन का यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद अब वह हल्द्वानी और नैनीताल दोनों स्थानों की सूचना संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

Skip to content










