दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था लूट का आरोपी, आखिरकार गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को सफलता मिली है। चौकी हीरानगर पुलिस ने लूट के मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त अजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) की तामील करते हुए की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हीरानगर चौकी पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार अजय कुमार पुत्र कुन्दन राम, निवासी वार्ड नंबर-1, डाक बंगला बंदोबस्ती, कालाढूंगी, नैनीताल, उम्र करीब 25 वर्ष, के खिलाफ फौजदारी वाद संख्या 851/2022 में धारा 392/411 भादवि के तहत मामला दर्ज है। मुकदमे के बाद से आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

वारंट की तामील के लिए पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस को उसके घर पर मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वांछित और वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल गिरीश और कांस्टेबल अमनदीप, कालाढूंगी शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!