सोशल मीडिया पर अश्लील कमेंट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने खोली फर्जी आईडी की परत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की फोटो का इस्तेमाल करने और उस पर अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में रामनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बार-बार फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता को परेशान कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

जानकारी के अनुसार पीड़िता के पति अरुण कुमार ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगातार फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई जा रही है। इन आईडी पर उनकी पत्नी की फोटो लगाकर अश्लील और आपत्तिजनक कमेंट किए जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं और आमजन को परेशान करने वाले मामलों तथा साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की तकनीकी जांच की।

पुलिस टीम ने साइबर विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र सैनी पुत्र श्याम लाल, निवासी पूछड़ी, थाना रामनगर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 284/2026 के तहत धारा 79 बीएनएस तथा धारा 67ए और 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मोबाइल में मिले अहम साक्ष्य

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल की जांच में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। मामले में पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!