रुद्रपुर – रैपिडो के माध्यम से निजी वाहनों से यात्रियों के व्यावसायिक परिवहन के आरोप को लेकर रुद्रपुर के सीएनजी टेंपो और ऑटो चालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार को सीएनजी टेंपो यूनियन अध्यक्ष सुब्रत कुमार विश्वास के नेतृत्व में सैकड़ों चालक अपनी मांगों को लेकर आरटीओ कार्यालय पहुंचे। चालकों ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी को ज्ञापन सौंपकर रैपिडो से जुड़े वाहनों की जांच और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।
टेंपो चालकों का कहना है कि वे वर्षों से कमर्शियल वाहनों के माध्यम से यात्रियों को सेवा दे रहे हैं। इसके लिए परमिट, टैक्स, फिटनेस, बीमा समेत परिवहन विभाग के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करना पड़ता है। उनका आरोप है कि निजी वाहनों के जरिए यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन किए जाने से नियमों का पालन करने वाले टेंपो, ऑटो और टैक्सी चालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।


निजी वाहनों से यात्री परिवहन पर रोक की मांग
ज्ञापन में यूनियन ने रुद्रपुर क्षेत्र में रैपिडो से जुड़े वाहनों की जांच कराने की मांग की। चालकों का कहना है कि यदि कोई निजी वाहन नियमों के विपरीत व्यावसायिक रूप से यात्रियों का परिवहन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
यूनियन ने यह भी मांग की कि रैपिडो को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि नियमों के विपरीत किसी निजी वाहन के माध्यम से यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन न कराया जाए।
यूनियन अध्यक्ष सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या कंपनी के खिलाफ नहीं, बल्कि उन सीएनजी टेंपो, ऑटो और टैक्सी चालकों के रोजगार की है, जो वर्षों से नियमों का पालन करते हुए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना
टेंपो यूनियन ने प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो सीएनजी टेंपो यूनियन अन्य चालक यूनियनों के साथ मिलकर आरटीओ कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेगी।
सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि कमर्शियल वाहन चालकों के रोजगार और अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान तक यूनियन अपना संघर्ष जारी रखेगी।
इस दौरान टेंपो यूनियन उपाध्यक्ष कृपाल, इंद्रपाल, तपन विश्वास, सुनील हालदार, मोहन, अर्जुन नेगी, सलीम अहमद, राजेश सैनी, मुकेश, रोहित हालदार, विनोद कुमार, राजेश प्रजापति, कौशल, गजेंद्र, सत्येंद्र, सरताज, सोमपाल समेत बड़ी संख्या में टेंपो और ऑटो चालक मौजूद रहे।

Skip to content










