Breaking News

रक्षाबंधन से पहले कालाढूंगी में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, पनीर और पेय पदार्थों समेत तीन नमूने जांच को भेजे रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, हल्द्वानी में पनीर और मिठाइयों के नमूने लिए उपकारागार के बाहर संदिग्ध वरना कार की तलाशी में मिला तमंचा, एक जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी दबोचा त्योहारों पर अमन-चैन कायम रखने को पुलिस की तैयारी तेज, एएसपी अमित कुमार सैनी ने पीस कमेटी संग की बैठक बूथ मजबूत करने की रणनीति पर भाजपा का महामंथन, जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी बोले—‘बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत’ ई-भूलेख से डाउनलोड खतौनी होगी मान्य, विभागों को स्वीकार करना होगा ऑनलाइन दस्तावेज,डीएम ने जारी किए स्पष्ट आदेश

त्योहारों पर अमन-चैन कायम रखने को पुलिस की तैयारी तेज, एएसपी अमित कुमार सैनी ने पीस कमेटी संग की बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – आगामी बारावफात (ईदुल-मिलादनवी) एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए रामनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ रामनगर अमित कुमार सैनी ने कोतवाली रामनगर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, धार्मिक अनुयायियों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।

बैठक में सभी से धार्मिक आयोजनों को आपसी भाईचारे, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निर्धारित रूट से ही निकलेगा बारावफात का जुलूस

बैठक में स्पष्ट किया गया कि बारावफात का जुलूस निर्धारित रूट एवं तय स्थानों से ही निकाला जाएगा। धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि कोई व्यक्ति जानबूझकर किसी धर्म अथवा समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

त्योहारों के दौरान रामनगर शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने और बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

धार्मिक आयोजनों के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सूचना को साझा या प्रसारित न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश

आयोजन के दौरान पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रभारी निरीक्षक रामनगर को कोतवाली क्षेत्र में पर्याप्त गश्त और पिकेट लगाने तथा बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, नगर निकाय के अधिकारी, पीस कमेटी सदस्य, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, धार्मिक अनुयायी, अभिसूचना इकाई एवं थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!