रुद्रपुर – ऊधमसिंह नगर जिले में विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर धरनारत किसानों के साथ सोमवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने वार्ता की। उन्होंने किसानों की समस्याओं और मांगों की विस्तार से जानकारी ली तथा आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से ले रहा है। एडीएम ने कहा कि किसानों से जुड़ी जिन मांगों को जिला स्तर पर हल किया जा सकता है, उनके समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।
वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों की कई मांगें पूर्व में ही शासन स्तर पर भेजी जा चुकी हैं। वहीं वार्ता के दौरान सामने आई नई मांगों में भी कुछ विषय शासन स्तर से संबंधित हैं। इन मांगों को भी तत्काल शासन को भेजा जा रहा है, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी किसानों के साथ बैठक
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों की समस्याओं को विस्तार से सुना गया है। उनके समाधान के लिए जिलाधिकारी एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसानों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में किसानों की सभी मांगों पर बिंदुवार चर्चा कर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर से संबंधित मांगों का प्राथमिकता के आधार पर सकारात्मक समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं शासन स्तर से संबंधित विषयों को शीघ्र शासन के समक्ष रखा जाएगा।
संवाद और सहयोग बनाए रखने की अपील
एडीएम पंकज उपाध्याय ने किसानों से संवाद और सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए और शासन स्तर से संबंधित मामलों को भी प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पांडे, कब्स धोनी, तहसीलदार दिनेश कुटेला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Skip to content










