हल्द्वानी – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, नैनीताल एवं तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम के साथ नागरिक कर्तव्यों, स्वच्छता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार सिंह, आईएफएस ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश की आजादी के संघर्ष पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने स्वतंत्रता के साथ मिले अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


इस अवसर पर डीएफओ दीपक कुमार सिंह ने कार्मिकों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की स्वतंत्रता और इच्छाशक्ति को कमजोर करता है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्मिकों से कार्यस्थल पर सकारात्मक सोच के साथ उत्साहपूर्वक कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि सकारात्मक वातावरण से कार्यक्षमता बढ़ती है और टीम भावना मजबूत होती है।
वन प्रभाग परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद वन प्रभाग परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
पौधरोपण कर दिया हरियाली का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर वन प्रभाग परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस दौरान एसडीओ अनिल जोशी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति नैनीताल पीयूष तिवारी, सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट भास्कर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी समेत तराई पूर्वी वन प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ‘नशे से आजादी, गंदगी से आजादी और प्रदूषण से आजादी’ का संदेश देते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

Skip to content










