हल्द्वानी – सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को गौरापड़ाव स्थित बीएलएम एकेडमी में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
95 प्रतिशत विद्यालयों में आयोजित हुई प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बताया कि 25, 26 और 28 सितंबर को जिले के सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। करीब 95 प्रतिशत विद्यालयों में हुई प्रतियोगिताओं के आधार पर विद्यालय स्तर पर प्रतिभाओं का चयन किया गया। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 बच्चों को जिला स्तरीय कार्यशाला के लिए चुना गया।


जिला स्तरीय कार्यशाला में चयनित विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान योगेश रजवार ने जिले में अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।
800 से अधिक बच्चे और अभिभावक पहुंचे
कार्यशाला में करीब 800 बच्चे और उनके अभिभावक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उनके भविष्य से जुड़े विचारों को मंच उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, मीडिया सलाहकार उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, देवेंद्र ढैला, पेयजल अनुश्रवण समिति के दिनेश आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज साह, नैनीताल जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रविंद्र रैकूनी, को-ऑपरेटिव डायरेक्टर निश्चल पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद सिंह धर्मवाल, बीएलएम एकेडमी के संस्थापक-प्रबंधक एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी तथा महिला और युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Skip to content










