सितारगंज – सिसौना स्थित हाईस्कूल का उच्चीकरण कर उसे अब इंटर कॉलेज बना दिया गया है। विद्यालय के इंटर कॉलेज के रूप में उच्चीकृत होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को इंटर स्तर की पढ़ाई के लिए सितारगंज अथवा अन्य स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर उच्चीकृत विद्यालय का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से सिसौना में इंटर कॉलेज की मांग कर रहे थे। अब उनकी मांग पूरी होने से स्थानीय विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।


इंटर की पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
मंत्री ने कहा कि सिसौना में पहले हाईस्कूल और डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को सितारगंज या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था। इंटर कॉलेज का उच्चीकरण होने के बाद अब विद्यार्थियों को 12वीं तक की शिक्षा गांव में ही उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि इंटर के बाद उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को नजदीक स्थित डिग्री कॉलेज का लाभ भी मिलेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों को आवागमन की परेशानी से राहत मिलने के साथ शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
क्षेत्रवासियों में खुशी
सिसौना हाईस्कूल के इंटर कॉलेज में उच्चीकरण से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा।

Skip to content










