मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेताया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए अभियान को पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्रों का वितरण, उन्हें भरवाकर वापस प्राप्त करना तथा भरे हुए प्रपत्रों का समय पर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा प्रतिदिन शाम तक अभियान की प्रगति रिपोर्ट कंट्रोल रूम एवं निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही अभियान के प्रत्येक चरण की प्रभावी निगरानी कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने आमजन से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पात्र मतदाता अपने विवरणों का सत्यापन कर निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने में भागीदारी निभाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट और ऋचा सिंह, ओसी हिमांशु कफलटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि जनपद के अन्य उप जिलाधिकारी और तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

और पढ़ें

error: Content is protected !!