लालकुआं – नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन में बुधवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुग्ध संघ से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बोर्ड के समक्ष कुल 34 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें कई प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी प्रदान की गई। वहीं आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों और प्रस्तावों को निबंधक के समक्ष भेजने को लेकर भी रणनीति तय की गई।
बैठक की शुरुआत दिवंगत किशन सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। बैठक में उनके नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराए जाने पर भी सहमति बनी।
बैठक में आगामी सामान्य निकाय अधिवेशन के आयोजन, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा दुग्ध संघ की आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संचालक मंडल ने 34 प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया, जिसके बाद कई प्रस्तावों को पारित किया गया। पारित प्रस्तावों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली दुग्ध लाभ राशि को दो करोड़ 52 लाख रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ 75 लाख रुपये किए जाने तथा इसका भुगतान दीपावली से पूर्व किए जाने संबंधी प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी। इसके अलावा कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया दिए जाने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजने पर सहमति बनी। कामगारों सहित दुग्ध संघ के करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने विपणन एवं परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि निर्धारित समय में बकाया धनराशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बकाया राशि की वसूली में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं हेमा देवी सहित सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Skip to content










