आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन गांवों में छापेमारी कर 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर/बाजपुर – अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने ऊधम सिंह नगर जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ग्राम कलियावाला और गढ़ी हुसैन में अवैध कच्ची शराब की बिक्री संबंधी शिकायत मिलने पर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान कुल 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई है, जबकि दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

माननीय आबकारी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल हल्द्वानी के.के. कांडपाल तथा जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जनपदीय प्रवर्तन दल, क्षेत्र-04 बाजपुर एवं क्षेत्र-03 काशीपुर की संयुक्त टीम ने 20 जून को ग्राम कलियावाला और गढ़ी हुसैन में सघन छापेमारी अभियान चलाया।

आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम कलियावाला में कुलदीप सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह के घर पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर से 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में कुलदीप सिंह के भाई संदीप पुत्र सुरेंद्र सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसी गांव में एक अन्य स्थान पर की गई तलाशी के दौरान लगभग 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में पिंकी कौर पत्नी रोहित सिंह के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

वहीं ग्राम गढ़ी हुसैन में दबिश के दौरान टीम ने 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। शराब किसकी है, इसका पता नहीं चल सका, जिसके चलते अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त अभियान में जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट, आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह (क्षेत्र-04 बाजपुर), आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह (क्षेत्र-03 काशीपुर), प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही सुमन आर्या, नैनिका राणा सहित जनपदीय प्रवर्तन दल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!