जसपुर – जसपुर पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने के मामले का सफल खुलासा करते हुए दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को एक व्यक्ति ने थाना जसपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री तथा उसकी बहन की नाबालिग पुत्री, जो उसके साथ ही रहती थी, 10 जून को बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल पाया। शिकायत के आधार पर थाना जसपुर में मुकदमा संख्या 228/2026 धारा 140(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच चौकी प्रभारी सूतमिल उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद को सौंपी गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर नाबालिगों की तलाश के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के निर्देशन में जसपुर पुलिस ने सघन सुरागरसी और पतारसी अभियान चलाया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 20 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद अंतर्गत दड़ियाल क्षेत्र से दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने अजय सैनी पुत्र राधेश्याम निवासी फत्तेवाला, दड़ियाल टांडा, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 137(2), 87, 64 बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, उपनिरीक्षक रुचिका चौहान, कांस्टेबल अरुण कुमार, कांस्टेबल परविंद्र कुमार तथा पीआरडी सदस्य बाला कुमारी शामिल रहे।

Skip to content










