कालाढूंगी – नैनीताल जनपद के कालाढूंगी-खुर्पाताल मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कालाढूंगी से लगभग चार किलोमीटर ऊपर खुर्पाताल रोड पर मेरठ से आए यात्रियों से भरी एक फोर्स टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 से 25 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 की रात्रि लगभग 8:08 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि वाहन संख्या यूपी-15 एफटी-6795 फोर्स टेम्पो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई है तथा कुछ यात्री वाहन के भीतर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस बल तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।


कोतवाली कालाढूंगी पुलिस आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों के सहयोग से पुलिस, SDRF एवं फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वाहन में चालक सहित कुल 29 लोग सवार थे।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, उपनिरीक्षक महेंद्र प्रसाद सहित पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्यों की निगरानी करती रही।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- शहनाज पत्नी नफीस, निवासी ताला फैक्ट्री, मेरठ (उत्तर प्रदेश), उम्र 32 वर्ष।
- नाजरीन पत्नी शाकिर, निवासी 377/3 शकूरनगर, लिसाड़ी गेट, मेरठ (उत्तर प्रदेश), उम्र 30 वर्ष।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर किया गया है।
वाहन में सवार यात्रियों में सामिर, जसीम अहमद, सुहैया, फिजा उर रहमान, ऐना, अबुजर, तस्बिया, मोनिस, नवाब, रेशमा, हैदर, आसिफ, बबलू, सना, चालक नईम, अनीस, रूकसान, लाइवा, कुलविया, नईमउद्दीन, माहिरा, मोनिस, आयशा, जुनेरा, फरद बेगम, साद तथा अमन सहित कुल 29 लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया और पुलिस एवं SDRF टीम के पहुंचने तक कई यात्रियों को वाहन से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही अथवा अन्य किसी कारण से हुआ। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी।

Skip to content










