रामनगर – रामनगर पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते काशीपुर बस स्टैंड पर भटक रहे एक चार वर्षीय मासूम को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया। बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 को कोतवाली रामनगर की चीता मोबाइल टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान काशीपुर बस स्टैंड रामनगर क्षेत्र में एक चार वर्षीय बालक लावारिस एवं परेशान अवस्था में मिला। पूछताछ में बालक ने अपना नाम इस्माइल पुत्र पप्पू बताया, लेकिन कम उम्र होने के कारण वह अपने घर का पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए चीता मोबाइल में तैनात कांस्टेबल संजय कुमार एवं कांस्टेबल अमित गहलोत ने तत्काल बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और उससे जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसके परिजनों की तलाश शुरू की गई।
पुलिसकर्मियों के अथक प्रयासों के बाद बच्चे के परिजनों का पता लगा लिया गया और बालक को उसकी माता रूबिना तथा पिता पप्पू के सुपुर्द सकुशल कर दिया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने रामनगर पुलिस का आभार जताया और पुलिसकर्मियों की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। इस सराहनीय कार्य के लिए कांस्टेबल अमित गहलोत और कांस्टेबल संजय कुमार की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की।

Skip to content










