ग्रामीण विकास से लेकर सख्त कानूनों तक, खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

खटीमा – विकासखंड सभागार खटीमा में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम” में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए ग्रामीण विकास, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और सांस्कृतिक संरक्षण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और जब तक गांव आत्मनिर्भर एवं समृद्ध नहीं होंगे, तब तक राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “एक जनपद-दो उत्पाद योजना” तथा “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के जरिए उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है। वहीं स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति, होम स्टे, “वेड इन उत्तराखंड” और सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण युवाओं को गांवों में ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और पलायन पर प्रभावी रोक लगी है। राज्य सरकार महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।

खटीमा के विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा उनका घर है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल निर्माण और क्षेत्र में सड़क नेटवर्क का विस्तार किया गया है। खटीमा में आधुनिक बस स्टेशन का निर्माण कर परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर में आधुनिक खेल स्टेडियम, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड अस्पताल का निर्माण कराया गया है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए “साथी केंद्र” की स्थापना भी की गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा और टनकपुर के बीच भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय खटीमा में एमकॉम एवं एमएससी की कक्षाएं शुरू कराई गई हैं तथा जनजातीय क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उधमसिंह नगर जनपद के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर बन रहा है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे का निर्माण भी प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में अरोमा पार्क एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तथा पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क स्थापित किए गए हैं। वहीं खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी परियोजना पर भी कार्य चल रहा है।

उन्होंने बताया कि लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से मानूनगर-गदरपुर से दिनेशपुर-मटकोटा होकर हल्द्वानी को जोड़ने वाले मोटर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा 590 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर बाईपास निर्माण और रुद्रपुर को खटीमा-टनकपुर एवं गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली फोरलेन सड़कों पर कार्य जारी है।

जमरानी बांध और किसानों के हितों पर सरकार गंभीर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को पुनः शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई समस्याओं के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ना किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की है।

सख्त कानूनों और सांस्कृतिक संरक्षण पर भी बोले मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार राज्य की सांस्कृतिक विरासत और जनसांख्यिकीय संतुलन को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध अतिक्रमण, लैंड जिहाद, अवैध मदरसों और अराजक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने देश में नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष आशा बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख भागीरथी राणा, कनिष्ठ प्रमुख गौरव नेगी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!