सितारगंज – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सिविल कोर्ट सितारगंज की जज नंदिता काला ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं को कानून और अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।
विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य शरद पंत ने विद्यालय स्टाफ के साथ जज नंदिता काला का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इसके बाद आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में जज ने विद्यार्थियों को विभिन्न अपराधों, उनके कानूनी प्रावधानों और निर्धारित सजा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


‘अपराध से पहले परिणाम जरूर सोचें’
जज नंदिता काला ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए कानून की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अपराध को करने से पहले उसके परिणाम और उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में अवश्य विचार करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग अपराधों के लिए कानून में अलग-अलग सजा का प्रावधान है। कानून की जानकारी प्राप्त करने के लिए अधिवक्ताओं एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता भी ली जा सकती है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं अपराधों से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी कानून के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही बेहतर और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
शिविर में मनोरमा गुप्ता, विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Skip to content










