मीडिया सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, हल्द्वानी में अत्याधुनिक मीडिया सेंटर का शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – उत्तराखण्ड में पत्रकारों के सशक्तिकरण, आधुनिक मीडिया सुविधाओं के विस्तार और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास किया।

करीब ₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए समर्पित, सुसज्जित और बहुउद्देशीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पत्रकारों की कर्मस्थली, विचार-विमर्श का केंद्र और जन-जन की आवाज को मजबूती देने का माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन इस मीडिया सेंटर के निर्माण के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि मीडिया सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी और कैंटीन जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य भी अब इसी मीडिया सेंटर से संचालित किए जाएंगे। इससे प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, दक्षता और त्वरित कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा तथा पत्रकारों को प्रशासनिक कार्यों में सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर ₹5 करोड़ कर दी गई है, ताकि आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकारों और उनके परिजनों को त्वरित सहायता मिल सके। इसके अलावा अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा भी लागू की गई है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को ₹10 हजार प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर आने वाले समय में हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र के प्रमुख मीडिया हब के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि जहां भी कमियां हों, वहां निष्पक्ष रूप से सरकार को अवगत कराया जाए, क्योंकि पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि चंपावत जनपद के टनकपुर में मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे सीमांत क्षेत्रों के पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह, मेयर गजराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, दिनेश आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

यह मीडिया सेंटर उत्तराखण्ड में मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पत्रकारों को आधुनिक कार्य सुविधाएं मिलने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!