हल्द्वानी – दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी की छात्रा अरिना रघुवंश ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तराखंड क्षेत्र की स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। विशेष बात यह रही कि अरिना ने मनोविज्ञान विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
अरिना वर्ष 2018 में कक्षा 5 से दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी से जुड़ी थीं। प्रारंभ से ही वह मेधावी, अनुशासित और बहुमुखी प्रतिभा की छात्रा रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें चित्रकला में भी विशेष रुचि है और वह एक उत्कृष्ट चित्रकार के रूप में भी जानी जाती हैं।


विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अरिना का विनम्र स्वभाव, सादगी और सकारात्मक व्यक्तित्व उन्हें अन्य विद्यार्थियों से अलग पहचान दिलाता है। वह हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित और अनुशासित रही हैं।
अरिना के पिता अर्पण भटनागर और माता स्वाति भटनागर ने बेटी की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय और शिक्षकों का आभार जताया। परिवार का कहना है कि अरिना को शिक्षा और संस्कारों का वातावरण घर से ही मिला है। उनकी दादी भी प्रधानाचार्या रह चुकी हैं, जिनसे उन्हें अनुशासन और नेतृत्व की प्रेरणा मिली।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही ने कहा कि अरिना शुरू से ही विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं में शामिल रही हैं और हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहीं। वहीं प्रो वाइस चेयरमैन विवेक अग्रवाल ने कहा कि अरिना जैसी छात्रा का विद्यालय परिवार का हिस्सा होना गर्व की बात है।
अरिना ने CLAT परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है और भविष्य में विधि क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं फोन कर उन्हें बधाई दी।
इस दौरान अरिना ने मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा जताते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री के संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी, ईमानदारी और समर्पण से प्रेरणा लेना चाहती हैं, ताकि उन्हीं मूल्यों को अपनाकर जीवन में आगे बढ़ सकें।

Skip to content










