देहरादून। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। सोमवार को सरकारी तेल कंपनियों द्वारा ईंधन के दाम बढ़ाए जाने के बाद देहरादून समेत कई शहरों में नई दरें लागू हो गई हैं। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों और परिवहन क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है।
देहरादून में पेट्रोल की कीमत में 2.55 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जिसके बाद अब पेट्रोल 100.50 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल 2.72 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 95.90 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। इसके अलावा एक्सपी 95 पेट्रोल की कीमत भी बढ़कर 108.93 रुपये प्रति लीटर हो गई है।


देशभर में सोमवार को पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन की कीमतों में इजाफा किया है। इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल के दामों में 87 से 91 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई थी।
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। निजी वाहन चालकों का खर्च बढ़ने के साथ ही माल ढुलाई और सार्वजनिक परिवहन पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर जल्द ही रोजमर्रा की वस्तुओं पर भी दिखाई दे सकता है। सब्जियों, फल, दूध और अन्य जरूरी सामानों की कीमतें बढ़ने से महंगाई और तेज होने की आशंका है। लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों ने मध्यम वर्ग और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।

Skip to content










