सितारगंज अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

सितारगंज – उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। मृतका की पहचान तीलियापुर निवासी आरती पत्नी सिकंदर (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।

जानकारी के अनुसार आरती को प्रसव के लिए उप जिला चिकित्सालय लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद महिला को अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी, लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का आक्रोश देखने को मिला।

मृतका के चाचा योगेंद्र यादव ने अस्पताल स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते सही उपचार नहीं मिलने से आरती की जान चली गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वहीं मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेसी नेता उत्तम आचार्य ने कहा कि अस्पतालों में केवल औपचारिक व्यवस्थाओं की बजाय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

इधर चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप यादव ने अस्पताल स्टाफ पर लगाए गए आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि महिला की सामान्य डिलीवरी हुई थी और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!