रुद्रपुर– (एम.सलीम खान) उत्तराखंड में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से आई आपदा में अब तक करीब 52 मौतें हो गई हैं जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल है और 5 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। बुधवार में भी दिन भर शवों को मलबे से निकालने का कार्य जारी रहा। इसके अलावा राज्य के विभिन्न मार्गों को खोलने के लिए कड़ी मशक्कत जारी रही। सरकार ने बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में 17, 18 और 19 अक्टूबर को आई आपदा में करीब 52 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा कुमाऊं सहित राज्य के विभिन्न जनपदों में हजारों घर इस आपदा में तबाह हो गए हैं। जिसके चलते भाजपा और कांग्रेस ने अपने कई कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है।

*आपदा से अब तक हो चुका है 7 करोड़ का नुकसान*


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक्टर पर बैठकर आपदा ग्रस्त इलाकों का स्थलीय दौरा किया। बुधवार को सीएम धामी ने कहा कि जल आपदा से अभी तक करीब 7 हजार करोड़ रुपए का नुकसान का अनुमान है। सभी जिला अधिकारी अपने जनपदों में हुए नुकसान का आंकलन करा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वासी अभी भी आपदा से निपट रहे हैं। सरकार लोगों को आपदा से उभारने का काम कर रही है। विस्तृत समीक्षा के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। उधम सिंह नगर जनपद के आपदा ग्रस्त इलाकों का दौरा कर देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर एयरपोर्ट पर प्रेस कांफ्रेस में कहा कि राज्य के लोग अभी कोरोना काल से उभरे ही थे कि इस जलीय आपदा ने एक बार फिर बड़े स्तर पर लोगों को प्रभावित किया हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों के घर बह गए। मार्गो के अलावा बिजली संचार इत्यादि के संपर्क भी टूट चुके हैं। सड़कों पर अभी तक जलभराव है। फसलों को भी बहुत नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी आपदा की घड़ी में सभी को एक साथ मिलकर पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। पंतनगर एयरपोर्ट पर कुमाऊं मंडल के आला अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने बैठक कर तत्काल आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी इस विपदा में लोगों की मदद करने का आवाहन किया। इस दौरान कुमाऊं मंडल आयुक्त, कुमाऊं आईजी अजय रौतेला डीआईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे, उधम सिंह नगर के जिला अधिकारी रंजना राजगुरु, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, अपर जिला अधिकारी जय भारत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ममता बोहरा, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध मिथिलेश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी प्रत्युष कुमार सिंह, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा वरिष्ठ नेता विवेक राय, भाजपा जिला अध्यक्ष उधम सिंह नगर शिव अरोरा सहित तमाम अधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

Skip to content











