नैनीताल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों के समयबद्ध निस्तारण और रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान आंकिक शाखा, प्रधान लिपिक शाखा, वाचक कार्यालय, समन सेल, एचआरएमएस, एमसीयू, डीसीआरबी शिकायत प्रकोष्ठ, सीसीटीएनएस, अभिसूचना इकाई तथा रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा शाखाओं के कार्यों और अभिलेखों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।


उन्होंने बीट आउट व्यवस्था को मानकों के अनुरूप प्रभावी ढंग से संचालित करने, सरकारी संपत्तियों के संरक्षण तथा कार्यालयों में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शाखा प्रभारियों को अभिलेखों और पत्रावलियों को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा आवश्यक दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने दस्तावेजों, पंजिकाओं और रिकॉर्ड के रखरखाव की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और सुव्यवस्थित रिकॉर्ड व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
इस मौके पर अभिसूचना इकाई नैनीताल के निरीक्षक ज्ञानेंद्र शर्मा और उनकी टीम के उत्कृष्ट टर्नआउट, कार्यालय के बेहतर रखरखाव तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण की विशेष सराहना की गई। उत्कृष्ट कार्य के लिए अभिसूचना इकाई नैनीताल को एक हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक अंजना, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश कुमार, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Skip to content










