हल्द्वानी_गौलापार में पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का भव्य समापन, 46वीं वाहिनी पीएसी बनी विजेता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम। 23वीं प्रादेशिक जनपद/वाहिनी पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन रविवार को गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। 24 से 26 अप्रैल तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की कुल 9 टीमों ने हिस्सा लिया और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में जिला जज नैनीताल प्रशांत जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सभी टीमों के एकत्रीकरण, मुख्य अतिथि के स्वागत एवं परिचय से हुई। इसके बाद खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।

आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा प्रतियोगिता की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें पूरे आयोजन की रूपरेखा और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया।

फाइनल मुकाबले में एकतरफा जीत
फाइनल मैच में 46वीं वाहिनी पीएसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव को 11-02 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। वहीं तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में जनपद उधमसिंह नगर ने 31वीं वाहिनी पीएसी को 03-02 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम—
▪️ प्रथम स्थान: 46वीं वाहिनी पीएसी
▪️ द्वितीय स्थान: आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव
▪️ तृतीय स्थान: जनपद उधमसिंह नगर

व्यक्तिगत पुरस्कार—
▪️ बेस्ट गोलकीपर: कानि० अमित लटवाल (46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर)
▪️ बेस्ट डिफेंडर: पीसी विजय मोहन (आईआरबी द्वितीय, देहरादून)
▪️ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: कानि० विक्रम सिंह (46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर)

मुख्य अतिथि प्रशांत जोशी ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड पुलिस ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर मुख्य अतिथि को सौंपा गया तथा आयोजन सचिव के माध्यम से सुरक्षित रखा गया।

सफल आयोजन में रहा सामूहिक योगदान
इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पुलिस अधीक्षक संचार एवं खेल नोडल अधिकारी रेवाधर मठपाल तथा प्रतिसार निरीक्षक हरकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा डॉ. जगदीश चंद्र (एसपी अपराध/यातायात), मनोज कुमार कत्याल (एसपी हल्द्वानी), अमित कुमार सैनी (सीओ हल्द्वानी), ज्ञानेंद्र उप्रेती (निरीक्षक अभिसूचना), दिनेश फर्त्याल, विजय मेहता, विमल मिश्रा, सुशील जोशी सहित अन्य अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने सहयोग दिया।

साथ ही फायर स्टेशन हल्द्वानी, बेस चिकित्सालय हल्द्वानी, सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज, जिला नियंत्रण कक्ष नैनीताल और नगर नियंत्रण कक्ष हल्द्वानी का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। मंच संचालन महिला उप निरीक्षक कुमकुम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगी इकाइयों का आभार व्यक्त किया।

यह प्रतियोगिता पुलिस बल में खेल भावना, आपसी समन्वय और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हुई।

और पढ़ें

error: Content is protected !!