उत्तराखंड – शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में किए गए हालिया बदलाव को वापस ले लिया है। शिक्षक संघ के विरोध के बाद यह निर्णय लिया गया है। अब मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) जिलों की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार स्कूलों के समय का निर्धारण करेंगे।
महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार, अब प्रत्येक जिले में मौसम और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए स्कूलों के संचालन का समय तय किया जाएगा। इससे पहले शिक्षा विभाग ने गर्मियों के लिए स्कूलों का समय सुबह 7:45 बजे से दोपहर 2:05 बजे तक निर्धारित किया था, जिसका शिक्षक संगठनों ने विरोध किया था।


मैदानी क्षेत्रों में तेज गर्मी के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिससे विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था फिर से बदली गई है।
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले तक भी स्कूलों का समय भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर ही तय किया जाता था, जिसे अब दोबारा लागू किया गया है। शिक्षा विभाग के इस फैसले से जहां एक ओर शिक्षकों को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर जिलों को स्थानीय जरूरतों के अनुसार निर्णय लेने की स्वतंत्रता भी प्रदान की गई है।

Skip to content










