नशे और साइबर अपराध से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

 सितारगंज – एसएम पब्लिक स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं डीएलएसए सचिव ममता पंत ने शिरकत की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को कानून, विभिन्न अपराधों और उनसे बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

सिविल जज ममता पंत ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि ड्रग्स, शराब और अन्य प्रकार के नशे की आदत व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध भी एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आ रहा है। विद्यार्थियों को इंटरनेट, मोबाइल और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता अथवा नजदीकी पुलिस थाने को इसकी सूचना देनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ममता पंत ने विद्यार्थियों से कानून के प्रति जागरूक रहने और किसी भी गलत गतिविधि से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अपराधों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। बच्चों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों की जानकारी होना भी जरूरी है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के समस्त स्टाफ की ओर से न्यायाधीश ममता पंत को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने विधिक जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!