हल्द्वानी – भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। युवाओं ने भी सरकार की योजनाओं और रोजगार के अवसरों को लेकर सवाल पूछे तथा अपने सुझाव साझा किए।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में युवाओं की क्षमता को नई दिशा देने के साथ रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहल युवाओं को आगे बढ़ने के लिए नए मंच उपलब्ध करा रही हैं।


उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुल रहे हैं। उत्तराखंड के युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को प्रदेश के विकास से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
नितिन नवीन ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आएं तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार पर भी जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और इसी सामर्थ्य के बल पर विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं” के संकल्प के साथ काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित रखना नहीं, बल्कि स्वरोजगार, स्टार्टअप, होम स्टे, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने खेलों में उत्तराखंड के बढ़ते प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक हासिल किए हैं। पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग
सीएम धामी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार युवाओं को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Skip to content










