भीमताल में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर दो कर्मियों का वेतन रोका….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल (नैनीताल)खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मेहरागांव में औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए दो विभागीय कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को किए गए निरीक्षण में एक वरिष्ठ सहायक और बीईओ कार्यालय से जुड़े अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही अनुपस्थित बीईओ केसी चौहान ग्रोवर के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय समय समाप्त होने तक भी बीईओ की अनुपस्थिति पर अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई।

विद्यालयों का भी किया निरीक्षण

कार्यालय निरीक्षण के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक, प्राथमिक और उच्चतर विद्यालयों का भी जायजा लिया। निरीक्षण में कुल 116 छात्रों में से 88 छात्र उपस्थित पाए गए, जबकि विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद मिला, जिस पर उन्होंने संतोष जताया।

उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और पढ़ाई के साथ खेलकूद के महत्व पर जोर दिया। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि प्रयोगशालाओं में अधिक से अधिक प्रैक्टिकल कराए जाएं और पुस्तकालय का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्रों की दक्षता बढ़े।

इस दौरान उन्होंने जूनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र संजू से मुलाकात कर उसका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में प्रदेश व देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!