रुद्रपुर – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया और आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया।
भाजपा नेता कमल जिंदल ने कांग्रेस में राजकुमार ठुकराल की संभावित एंट्री पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का जहाज डूब चुका है, उसमें सवार होने वालों का भविष्य भी सुरक्षित नहीं है।”


जिंदल ने 2022 विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने पहले ही ठुकराल को नकार दिया था और निर्दलीय चुनाव लड़ने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इससे यह स्पष्ट है कि जनता ने भी उन्हें स्वीकार नहीं किया।
पार्टी नेताओं ने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के चलते कांग्रेस का जनाधार लगातार घट रहा है और जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है।
इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गेहलोत ने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा वर्ग आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाएगा और भाजपा को समर्थन देगा।
कमल जिंदल ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उधम सिंह नगर की सभी सीटों पर बम्पर जीत हासिल करेगी और राज्य में एक बार फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।
प्रेस वार्ता में विपिन सिंह गेहलोत, रोशन अरोरा, अक्षय अरोरा, मुकेश पाल, मोर सिंह, विजय तोमर और जीतेन्द्र संधू सहित कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Skip to content










