सितारगंज पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में हरेकृष्ण मिस्त्री अध्यक्ष निर्वाचित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

सितारगंज – राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज सिसौना में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। मतदान के बाद हुई मतगणना में विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए गए। परिणाम सामने आते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-डीजे की धुन पर जश्न मनाया।

अध्यक्ष पद पर हरेकृष्ण मिस्त्री ने 830 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्होंने अपने समर्थकों और कॉलेज के छात्र-छात्राओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी जीत में कॉलेज के छात्र-छात्राओं की मेहनत और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में वह विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे और किसी भी छात्र-छात्रा को परेशानी होने पर उनकी आवाज उठाएंगे।

विभिन्न पदों पर ये प्रत्याशी विजयी

मतगणना के बाद जारी परिणाम के अनुसार उपाध्यक्ष छात्र पद पर राजपाल ने 1006 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर दीप्ति बैरागी 588 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं।

सचिव पद पर बिट्टू सिंह ने 873 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि संयुक्त सचिव पद पर अंशिका गुप्ता 449 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जितेंद्र सिंह धामी ने 555 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर नंदनी राना 779 मत और सांस्कृतिक सचिव पद पर खुशी सरकार 554 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं।

वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर सोनिया घरामी ने 173 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।

शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रशासन का जताया आभार

निर्वाचन अधिकारी ने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए चुनाव प्रक्रिया में सहयोग के लिए महाविद्यालय प्रशासन, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस बार मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया। पुलिस प्रशासन ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई, जबकि खुफिया एजेंसियों की निगरानी भी रही। निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं के तहत पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि महाविद्यालय के इतिहास में इस तरह शांतिपूर्ण तरीके से छात्रसंघ चुनाव संपन्न होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव निर्वाचित छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं और उनके हितों के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!