Breaking News

पनियाली में बाघ के हमलों से जनाक्रोश, ‘आदमखोर को मारो’ की मांग तेज….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – पनियाली और पीपल पोखरा क्षेत्र में बाघ के लगातार हमलों से दहशत और आक्रोश का माहौल गहरा गया है। बुधवार सुबह 55 वर्षीय कमला फर्त्याल की जंगल में बाघ के हमले में मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इससे पहले 12 फरवरी को भी इसी क्षेत्र में एक अन्य महिला की जान जा चुकी है। लगातार दूसरी घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने की ठोस गारंटी की मांग की। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को शांत करने और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाने का प्रयास किया।

इस बीच कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और वन विभाग से सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होंने आदमखोर घोषित कर बाघ को तत्काल मार गिराने, सौर फेंसिंग और सौर लाइट लगाने, झाड़ियों की सफाई कराने तथा पशुओं के चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि समयबद्ध कार्रवाई न होने पर जन आंदोलन किया जाएगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वन विभाग को बाघ की निरंतर ट्रैकिंग, ड्रोन और थर्मल तकनीक के उपयोग तथा आवश्यकता पड़ने पर ट्रेंकुलाइज या कैप्चर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। गांवों में गश्त बढ़ाने, क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) तैनात करने और संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने के आदेश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को राहत राशि उपलब्ध कराने तथा दीर्घकालिक समाधान के तहत सोलर फेंसिंग और चेतावनी तंत्र की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना को गहरा कर दिया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और वन विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!