हल्द्वानी– शहर में बुधवार दोपहर कालूसिद्ध मंदिर के पास सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज कार्य के दौरान जेसीबी से 14 इंच व्यास की मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बरेली रोड, रामपुर रोड, मंगलपड़ाव, बाजार क्षेत्र, इंदिरानगर, राजपुरा और नैनीताल रोड सहित करीब 35 हजार की आबादी को जल संकट का सामना करना पड़ा। लाइन टूटते ही सड़क पर पानी भर गया और जल संस्थान को तत्काल आपूर्ति बंद करनी पड़ी। देर शाम तक क्षतिग्रस्त पाइपलाइन पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी, जिससे गुरुवार सुबह भी जलापूर्ति बाधित रहने की संभावना जताई गई।
ड्रेनेज कार्य के दौरान हुआ नुकसान
जानकारी के अनुसार, यूयूएसडीए द्वारा मंदिर के पास चौराहे के चौड़ीकरण के तहत ड्रेनेज निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान खुदाई कर रही जेसीबी मशीन से जल संस्थान की मुख्य लाइन टूट गई। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली ने बताया कि घटना की जानकारी कार्यदायी संस्था को दे दी गई है और मरम्मत कार्य जारी है।


ट्यूबवेल वाल्व खराब, कई कॉलोनियों में सप्लाई प्रभावित
इधर, डहरिया फार्म नंबर-3 स्थित ट्यूबवेल का वाल्व सोमवार को खराब हो गया था, जिससे सत्यलोक कॉलोनी, नीलांचल कॉलोनी और शिवाजीनगर में जलापूर्ति प्रभावित हुई। वाल्व की मरम्मत के बाद भी समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई। वेल्डिंग कार्य के लिए आईटीआई और नीलियम कॉलोनी के ट्यूबवेल की लाइन भी अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी।
जल संस्थान के सहायक अभियंता प्रमोद पांडे ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में पानी के टैंकर भेजकर आपूर्ति सुनिश्चित की गई।
नागरिकों को हो रही परेशानी
लगातार दूसरे दिन जल संकट के कारण स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने शीघ्र मरम्मत कर आपूर्ति सामान्य करने का आश्वासन दिया है।

Skip to content










