हल्द्वानी- हल्द्वानी में सोने के आभूषण बनाने के नाम पर कथित ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। दर्जनभर से अधिक पीड़ित दोपहर में एसएसपी कार्यालय पहुंचे और सामूहिक धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए मुखानी थाना पुलिस और एसओजी को आरोपी की धरपकड़ में लगा दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि हल्दूचौड़ का रहने वाला सुनार नरेंद्र उर्फ नीरज सोना-चांदी लेकर आभूषण तैयार करने का वादा करता था, लेकिन तय समय से पहले ही दुकान बंद कर फरार हो गया। कई लोगों ने उससे 20–26 ग्राम तक सोना और नकद राशि जमा कराई थी।


गुजरौड़ा निवासी पुष्पा कन्याल ने बताया कि उन्होंने नीरज को 20 ग्राम सोने के आभूषण के लिए ₹1.85 लाख दिए थे। 8 फरवरी को डिलीवरी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 6 फरवरी को ही आरोपी दुकान बंद कर गायब हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पीड़िता का कहना है कि मुखानी थाने में पहले भी शिकायत दी गई थी, मगर आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। घर पर मौजूद उसकी पत्नी ने भी सामान लौटाने से इनकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और मुखानी थानाध्यक्ष को जांच सौंपी है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और अन्य पीड़ितों से भी आगे आने की अपील की है।

Skip to content











