काशीपुर (सुनील शर्मा) काशीपुर आम आदमी पार्टी के चुनाव कैंपेन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के 14 दिसंबर के काशीपुर आगमन को लेकर रामनगर रोड स्थित पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता की । दीपक बाली ने कहा कि केजरीवाल अपने पांचवें दौरे के तहत उत्तराखंड की महान देवभूमि और मेरी पूज्य जन्मभूमि काशीपुर मैं पधार रहे हैं। काशीपुर की महान जनता की ओर से मैं केजरीवाल का वंदन और अभिनंदन करता हूं और उत्तराखंड नव निर्माण का जो सपना लेकर केजरीवाल आ रहे हैं उसके निमित्त काशीपुर सहित उत्तराखंड की सम्मानित जनता से मैं विनम्र अनुरोध करता हूं कि वह रामलीला मैदान में पहुंचकर उनके ओजस्वी विचार सुने। नेता दीपक बाली ने कहा कि अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर 300 यूनिट बिजली फ्री गारंटी कार्ड ,हर घर रोजगार तथा रोजगार न मिलने तक 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता , देवभूमि के हर जाति व धर्म के बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा गारंटी के बाद अपने पांचवे दौरे में काशीपुर में चौथी बड़ी घोषणा करेंगे। जिसके लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी जी जान से जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि केजरीवाल के काशीपुर आगमन पर उनके स्वागत के लिए आने वाली जनता और कार्यकर्ताओं की संख्या भी ऐतिहासिक होगी। एक सवाल के जबाब में दीपक बाली ने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही काशीपुर की जनता के वे सभी सपने पूरे किए जाएंगे जिनका वह दशकों से इंतजार कर रही है।

Skip to content











