हल्द्वानी – कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार सुबह मतदान शुरू हो गया। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई के मेहुल शाह और एबीवीपी के बागी प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। करीब 12,800 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
नामांकन के दौरान हुए हंगामे को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कॉलेज परिसर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। निगरानी के लिए ड्रोन, मोबाइल पुलिस टीमें और एंटी-रायट टीम भी सक्रिय रखी गई हैं।


मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना शुरू की जाएगी। देर रात तक छात्रसंघ चुनाव के परिणाम सामने आने की उम्मीद है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चार मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों को भी तैनात किया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चुनाव की आड़ में बाहरी तत्वों की दखल, धमकी, हिंसा या किसी भी प्रकार का बवाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चुनाव को देखते हुए शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन और जीरो जोन भी लागू रहेगा। पुलिस की ओर से लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

Skip to content










