हल्द्वानी – स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के 11वें दिन हल्द्वानी स्थित दिव्या पब्लिक स्कूल में कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और Reduce-Reuse-Recycle (3R) विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम परितोष वर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें घर और विद्यालय से स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।


स्रोत पर कचरे का पृथक्करण जरूरी
कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया कि कचरा प्रबंधन की शुरुआत उसके उत्पन्न होने के स्थान से ही होती है। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने से उसके पुन: उपयोग, पुनर्चक्रण और उचित निस्तारण की प्रक्रिया आसान हो जाती है।
विद्यार्थियों को उपयोगी सामग्री को दोबारा इस्तेमाल करने और पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग एकत्रित करने के महत्व की जानकारी दी गई।
प्लास्टिक का उपयोग कम करने पर जोर
कार्यशाला में प्लास्टिक कचरे के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अनावश्यक प्लास्टिक, विशेष रूप से एकल-उपयोग प्लास्टिक और प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल कम करने की अपील की गई।
उन्हें बाजार जाते समय कपड़े या जूट का थैला इस्तेमाल करने तथा प्लास्टिक की अनावश्यक वस्तुओं से बचने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बताया गया कि प्लास्टिक को खुले में फेंकना या जलाना पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। प्लास्टिक कचरे को अलग एकत्र कर निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था के माध्यम से निस्तारित किया जाना चाहिए।
3R का समझाया महत्व
कार्यशाला में विद्यार्थियों को Reduce, Reuse और Recycle का महत्व सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।
Reduce के तहत अनावश्यक वस्तुओं और एकल-उपयोग प्लास्टिक की खपत कम करने, Reuse के तहत उपयोगी वस्तुओं का सुरक्षित तरीके से दोबारा इस्तेमाल करने तथा Recycle के तहत पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग रखकर उचित प्रक्रिया तक पहुंचाने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बनाया स्वच्छता का संदेशवाहक
विद्यार्थियों को स्वयं स्वच्छता संबंधी आदतें अपनाने के साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम की टीम ने विद्यार्थियों और विद्यालय प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर स्वच्छता, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 57 की पार्षद रुक्मणी बिष्ट, बैंणी सेना परियोजना प्रबंधक नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम मनोज नेगी तथा एसबीएम टीम से मनीष पांडे मौजूद रहे।
नगर निगम की ओर से कहा गया कि विद्यालयों में इस तरह की कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता की जानकारी देने के साथ व्यवहार परिवर्तन का सहभागी बनाना है। विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की अच्छी आदतों को परिवार और समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Skip to content










