हल्द्वानी – कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखने वाले आर्यन ने 18 राउंड की मतगणना पूरी होने तक अपना दबदबा कायम रखा और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई के मेहुल शाह को 466 वोटों से मात दी।
मतगणना के अंतिम परिणाम के अनुसार निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल को 1,723 वोट मिले। वहीं एनएसयूआई के मेहुल शाह 1,257 वोट के साथ दूसरे और एबीवीपी के धीरज बिष्ट 988 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।


आर्यन बेलवाल ने एबीवीपी से बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में ताल ठोकी थी। मतदान के बाद शुरू हुई मतगणना के पहले राउंड से ही उन्होंने बढ़त बना ली थी। इसके बाद प्रत्येक राउंड में उनकी बढ़त बनी रही और अंतिम राउंड तक पहुंचते-पहुंचते उन्होंने जीत का अंतर भी कायम रखा।
एमबीपीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला त्रिकोणीय रहा। एक ओर एबीवीपी के धीरज बिष्ट और एनएसयूआई के मेहुल शाह चुनाव मैदान में थे, तो दूसरी ओर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे आर्यन बेलवाल ने दोनों संगठनों के प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।
18 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित होते ही आर्यन बेलवाल के समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। उनकी जीत को छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Skip to content










