उलानी – सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को उलानी आंगनवाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरत के अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने बच्चों और महिलाओं को स्वच्छता, व्यक्तिगत हाइजीन तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।


इस दौरान आरकेएसके काउंसलर विजेता पांडेय ने किशोरियों को निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन वितरित किए। उन्होंने किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और साफ-सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. शैलजा और डॉ. संदीप ने लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सहायिका और आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।

Skip to content










