नानकमत्ता – ऐंचता बिही ग्राम सभा के ग्रामीणों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग को लेकर शुक्रवार को नानकमत्ता उप तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के उच्चीकरण की मांग को लेकर ग्राम सभा में पिछले 16 दिनों से लगातार आंदोलन चल रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नानकमत्ता उप तहसील पहुंचे और अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा भी धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ आंदोलन में शामिल हुए। ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह खमरिया समेत क्षेत्र के कई स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।


12वीं तक पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय के इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकरण से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को कक्षा 12 तक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के विद्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में सुविधा मिलेगी और अभिभावकों पर आने-जाने का अतिरिक्त बोझ भी कम होगा।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से विद्यालय का जल्द उच्चीकरण किए जाने की मांग की। उनका कहना है कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पर जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रखा जाएगा।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक वे इसी तरह धरना-प्रदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

Skip to content










