नैनीताल – निर्माण और सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर गुरुवार को नैनीताल पुलिस ने श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी की मौजूदगी में शस्त्रागार, संचार शाखा और परिवहन शाखा में रखे शस्त्रों, औजारों, मशीनों और विभिन्न उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया।
पूजन के दौरान पुलिस बल द्वारा दैनिक कर्तव्य निर्वहन में इस्तेमाल किए जाने वाले शस्त्रों और उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता और सुचारु संचालन के लिए भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।


कार्यक्रम में एसपी ऑफिस/संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, आरआई संचार राजकुमार बिष्ट, एसआई एमटी दलजीत मर्तोलिया, आर्मोरर मंगल सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पूजन के बाद पुलिसकर्मियों को प्रसाद और मिष्ठान वितरित कर विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दी गईं।
कर्तव्य, कौशल और अनुशासन का संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती कार्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन, समर्पण और सृजनशीलता की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र और उपकरण केवल कार्य के साधन नहीं हैं, बल्कि जनसेवा और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्रों एवं उपकरणों का सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा कि इनकी कार्यक्षमता बनाए रखना भी पुलिसकर्मियों के कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर्तव्य निर्वहन का संदेश दिया।
थानों और पुलिस इकाइयों में भी हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस इकाइयों में भी पूजा-अर्चना की गई। कोतवाली हल्द्वानी में एसपी सिटी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता सहित पुलिसकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा की।
इस दौरान विभिन्न पुलिस इकाइयों के शस्त्रागार, वर्कशॉप और अन्य कार्यस्थलों में शस्त्रों, औजारों, मशीनों और उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया। पुलिसकर्मियों ने उपकरणों की सुरक्षा और उनके सुचारु संचालन की कामना की।

Skip to content











