सीएम धामी के जन्मदिन पर सेवा कार्यक्रम, बच्चों को बताए उनके अधिकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता एवं दिशा-निर्देशन में हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों व स्वयंसेवी संस्थानों में बच्चों के बीच सेवा, शिक्षा, संस्कार, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कारगिल शहीद स्व. मुकेश जीना राजकीय इंटर कॉलेज दोगड़ा में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के साथ मुख्यमंत्री धामी का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान योगेश सिंह रजवार ने बच्चों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। बच्चों को कॉपियां, पठन-पाठन सामग्री और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम में बच्चों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस मौके पर प्रधानाचार्य खीमानंद भट्ट, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज सूर्या, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि गौरव रमोला, उपप्रधान कौशल जीना, उपप्रधान सुरेंद्र सूर्या, पूर्व प्रधान राजेंद्र सजवाण, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष चंद्रा बिष्ट, अभिभावक-शिक्षक संघ अध्यक्ष कैलाश जीना, कार्यक्रम संचालक गौरी शंकर जोशी सहित विद्यालय प्रबंधन, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

आमिया में भी बच्चों को बताए बाल अधिकार

इसी क्रम में स्वतंत्रता सेनानी स्व. नैन सिंह मेहरा राजकीय इंटर कॉलेज आमिया में भी सेवा संकल्प दिवस मनाया गया। बच्चों के बीच केक काटकर मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

योगेश सिंह रजवार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। बाल अधिकारों की रक्षा के साथ बच्चों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों की जानकारी दी तथा कॉपियां एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जिया लाल यादव, मंच संचालक राजेश वर्मा, संजय पांडे, नवीन चंद्र जोशी, कैलाश चंद्र और दीप पंत मौजूद रहे।

जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंची सेवा की पहल

हल्द्वानी में वीरांगना संस्थान द्वारा संचालित केंद्र में भी सेवा संकल्प दिवस के तहत जरूरतमंद बच्चों के बीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान में शिक्षा की ओर बढ़ रहे बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार चप्पल, नोटबुक, पठन-पाठन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

इस अवसर पर वीरांगना संस्थान की संस्थापिका गुंजन बिष्ट अरोड़ा, पूनम बिनिवाल, मोनिका मौर्य, मानस जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बताया गया कि वीरांगना संस्थान पिछले करीब 15 वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रहा है। संस्थान की ओर से बाल भिक्षावृत्ति और बाल श्रम जैसी परिस्थितियों से बच्चों को बाहर निकालकर उन्हें शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बच्चों के अधिकारों की जानकारी देना जरूरी : रजवार

योगेश सिंह रजवार ने कहा कि सेवा संकल्प दिवस का उद्देश्य बच्चों के बीच सेवा, संस्कार, शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और अपने अधिकारों की जानकारी मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाना ही सेवा संकल्प दिवस की सार्थकता है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!