लालकुआं – अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 134 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है। मामले में एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।


बैरियर पर चेकिंग के दौरान पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को चौकी बिंदुखत्ता की टीम चेकिंग और गश्त के दौरान सुभाष नगर पुलिस बैरियर, लालकुआं के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK18Q5328 (हीरो HF Deluxe) पर सवार बंटी पुत्र जीत सिंह, निवासी तुमरिया डैम नंबर-1, चंद्रनगर, मालधनचौड़, थाना रामनगर को रोका गया।
तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 134 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल और शराब को कब्जे में ले लिया।
एक अन्य व्यक्ति के लिए शराब ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कथित तौर पर यह कच्ची शराब बिंदुखत्ता निवासी सूरज नाथ गोस्वामी के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा इससे पहले भी सूरज गोस्वामी को कच्ची शराब उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार इस संबंध में साक्ष्य भी मिले हैं।
मामले में सूरज नाथ गोस्वामी के खिलाफ भी धारा 69(बी) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बंटी और सूरज नाथ गोस्वामी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 135/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60, 69बी और 72 में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी बंटी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक गौरव जोशी, प्रभारी चौकी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, दयाल नाथ और वीरेंद्र रौतेला शामिल रहे।

Skip to content










