हल्द्वानी – बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में 9 सितंबर को प्रस्तावित सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि पुलिस-प्रशासन के अनुसार अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की है। संवेदनशील स्थानों पर गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह या माहौल खराब करने वाली गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। भीड़ एकत्र होने अथवा किसी विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस स्तर पर आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है।
अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने भी की शांति की अपील
मामले से जुड़े सपा नेता एवं याचिकाकर्ता अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने भी क्षेत्रवासियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आए, सभी को उसका सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि फैसले के बाद न तो किसी प्रकार का ऐसा जश्न मनाया जाए और न ही विरोध का कोई ऐसा कदम उठाया जाए, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संयम बनाए रखने की अपील की।
पुलिस-प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Skip to content











