बाढ़ जैसे हालात के बीच प्रशासन की तत्परता, बच्चों समेत प्रभावितों को सुरक्षित पहुंचाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

ऊधमसिंह नगर। जिले में हुई भारी अतिवृष्टि के बाद नदियों के उफान पर आने से जसपुर, बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह और डॉ. अमृता शर्मा के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही राहत सामग्री भी वितरित की गई।

फीका नदी में फंसे दो बच्चों का रेस्क्यू

जसपुर के ग्राम हजीरों में फीका नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से विद्यालय जा रहे दो बच्चे नदी पार नहीं कर सके और वहीं फंस गए। सूचना मिलते ही राजस्व एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू किए गए बच्चों की पहचान 14 वर्षीय निमरत कौर और 15 वर्षीय अवतार सिंह के रूप में हुई है। दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया। प्रशासन के अनुसार फिलहाल जसपुर क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।

बाजपुर में 300 घर जलभराव से प्रभावित

तहसील बाजपुर के चकरपुर क्षेत्र में लेवड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने से इंदिरा कॉलोनी, खमरिया, यादव कॉलोनी, झारखंडी और गोबरा के रिहाइशी इलाकों में पानी घुस गया। जलभराव से करीब 300 आवासीय घर प्रभावित हुए हैं।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जल निकासी के लिए जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों को लगाया गया है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई है। अपर जिलाधिकारी ने राजस्व टीम को प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

गूलरभोज में 100 से 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

लगातार बारिश के कारण तहसील गदरपुर के गूलरभोज क्षेत्र के वार्ड संख्या 1, 4, 5, 6 और 7 में घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई घरों में रखा घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ।

उप जिलाधिकारी गदरपुर ने राजस्व टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 40 परिवारों के 100 से 150 लोगों को नगर पंचायत गूलरभोज और जनसमुदाय भवन में सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया है। प्रशासन की ओर से उनके लिए भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रशासन की स्थिति पर लगातार नजर

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। राजस्व उप निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने के साथ ही लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!